रियासी। जिला मुख्यालय के तीन युवा क्रिकेटर महाराष्ट्र के नागपुर में होने वाली 36वीं सीनियर नेशनल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम का हिस्सा होंगे। जम्मू-कश्मीर टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन ने तीनों क्रिकेटर का चयन प्रदेश की टीम में किया है। इनमें स्थानीय युवा खिलाड़ी राहुल संथाल, केवल सिंह और अंकुश शर्मा शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों ने बताया कि बीती चार व पांच जनवरी को मौलाना आजाद स्टेडियम जम्मू में टेनिस बाल की टीम चुने जाने के लिए ट्रायल हुए थे। ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद तीनों का चयन हुआ। तीनों खिलाड़ी 14 जनवरी से जम्मू में लगने वाले कैंप में हिस्सा लेंगे। 18 जनवरी को नागपुर के लिए टीम मैनेजमेंट व अन्य खिलाड़ियों साथ रवाना होंगे। नगर के तीन युवा खिलाड़ियों का चयन होने से स्थानीय लोगों ने खुशी जताई।