रियासी। विवाह शादियों का सीजन समाप्त होने के बाद व्यापार पर भी मंदी का माहौल छा गया है। आज से एक सप्ताह पहले जिन व्यापारियों को अपनी दुकान पर काम करने से फुर्सत नहीं मिलती थी, अभी वही व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आते हैं। किराना दुकान के मालिक अंकुश नरगोत्रा के अनुसार शादियों के सीजन में उनके पास रोजाना कई आर्डर आते थे। अब पिछले पांच छह दिनों से मंदी की मार झेलनी पड़ रही है जोकि आगे भी जारी रहेगी। हलवाई की दुकान चलाने वाले सुरिंदर शर्मा भी मौजूदा समय को लेकर काफी चिंतित हैं। बताते हैं, कुछ दिन पहले जो काम वह तीन से चार घंटों में दुकान पर करते थे, वह अब पूरा दिन बैठ कर भी नहीं होता। ग्राहकों की संख्या में काफी कमी आई है। विशाल शर्मा भी मौजूदा समय व्यापारी वर्ग के लिए मुश्किल भरा मानते हैं। उनके अनुसार करियाना, कपड़ा, हलवाई की दुकानें चलाने वाले दुकानदारों को अब लगभग डेढ़ महीने तक मंदी की मार झेलनी पड़ेगी। बाजारों में जो रौनक दस दिसंबर से पहले थी। अब समाप्त हो गई है। लोग जरूरी सामान लेने ही पहुंच रहे हैं। बाजार खाली पड़े हैं, कहीं भीड़ नहीं दिख रही है।