मैन आफ द मैच लेते हुए नदीम भट्ट।
- फोटो : reasi news
रियासी। विश्व दिव्यांग दिवस पर फिजिकली चैलेंज क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की तरफ से भारत व नेपाल के बीच जारी दिव्यांग क्रिकेट कप 2025 में रियासी के नदीम भट्ट ने आलराउंड प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत की टीम ने नेपाल को भारी रनों के अंतर से हरा दिया। दोनों देशों के बीच तीन मैचों की क्रिकेट प्रतियोगिता भिवानी के झांसी रोड पर स्थित जी लिट्रा क्रिकेट ग्राउंड में खेली जा रही है। दिव्यांग भारतीय टीम का हिस्सा बने नगर के वार्ड सात निवासी नदीम भट्ट ने बीस ओवर के मैच में चालीस रन बनाए। इसकी बदौलत भारत की टीम ने 159 रन बनाए। बल्लेबाजी के बाद नदीम ने गेंदबाजी में भी अपने हाथ खोले व दो विकेट प्राप्त किए। नेपाल की पूरी टीम 92 रन ही बना सकी। नदीम भट्ट के आलराउंड प्रदर्शन की सहायता से भारत की टीम नेपाल को 67 रनों से हराने में कामयाब रही। बाद में उन्हें मैन आफ द मैच भी चुना गया। गौरतलब है कि नदीम भट्ट एक पैर से दिव्यांग हैं। वह स्थानीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेते हैं।