रियासी। नगर में वीरवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसका आयोजन श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से करवाया गया। दशहरा पर्व के अवसर पर स्थानीय चौक चबूतरा से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की सुंदर मनमोहक झांकियां निकाली गईं। इसके साथ ही भगवान के स्वरूपों को दर्शाती हुई कई अन्य झांकियां भी शोभायात्रा में शामिल हुईं। ढोल बाजों की थाप के साथ शोभायात्रा निकली। इसमें युवाओं ने भगवान श्री राम के जयघोष लगाए। इस के साथ ही नगर के प्रमुख स्थानों पर जम कर आतिशबाजी की गई। दुर्गा नाटक मंडली के सदस्यों ने खूब पटाखे फोड़े और आतिशबाजी की जिस से आसमान रंग बिरंगा दिखा। मुख्य बाजार बस अड्डे से होते हुए शोभायात्रा जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचीं। जहां पर जोरदार आतिशबाजी हुई। उसके बाद रावण कुंभकरण मेघनाद के पुतले फूंके गए। पुतलों में आग लगते ही पूरा इलाका जोरदार धमाकों की आवाज से गूंज उठा। इस के साथ ही स्टेडियम में जय श्री राम के जयघोष लगाए गए। दशहरा पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस की तरफ से सुरक्षा के जबरदस्त प्रबंध किए हुए थे। दशहरा को देखने के लिए रियासी व आसपास के इलाकों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। दशहरा कमेटी के प्रधान शंभू नाथ ने बताया कि श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से दशहरा धूमधाम से मनाया गया।