रियासी। श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से सलाल प्रोजेक्ट के आधिकारिक क्षेत्र ज्योतिपुरम में रामलीला का मंचन श्री राम क्लब की तरफ से करवाया जा रहा है। बुधवार शाम को दुर्गा नाटक मंडली के कलाकारों ने कैलाश तलहटी का सफलतापूर्वक मंचन किया। दृश्य में दिखाया गया कि जब रावण कैलाश पर्वत को पार कर रहा था तो उसका विमान रुक जाता है। अहंकार में रावण कैलाश पर्वत को उठाने असफल प्रयास करता है। भगवान शिव के नंदी रावण को उसके अहंकार पर लताड़ते हैं। रावण अपनी गलती की माफी मांग शिव स्तुति करता है। जिससे प्रसन्न होकर शिव उसे चंद्रहास तलवार भेंट में देते है। मंडली की तरफ से स्टेज पर ही जारी सेवा पर्व के तहत स्वच्छता अभियान पर एक नुक्कड़ नाटक भी किया गया। जिस में कलाकारों ने स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। इसके साथ ही श्री राम क्लब के कलाकारों ने भी अपने दृश्यों की प्रस्तुति दी। रामलीला को देखने के लिए सलाल प्रोजेक्ट के अधिकारी कर्मचारी व स्थानीय लोग काफी संख्या में उपस्थित रहे। संवाद