उधमपुर। पुलिस ने वीरवार को नशा तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 163.61 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ है। चिनैनी नाका चौकी पर नियमित जांच के दौरान जम्मू से रामबन की ओर आ रही एक बिना नंबर वाली बाइक को रोका गया। इस पर सवार की पहचान आशिक हुसैन निवासी राजबाग, जिला कठुआ और पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान अब्दुल लतीफ निवासी रगूरा, लोअर सिद्दड़ा, तहसील व जिला जम्मू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बाइक सवार से 123.36 ग्राम और पीछे बैठे व्यक्ति से 40.25 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। थाना चिनैनी में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।