जम्मू। कटड़ा में वीरवार को आयोजित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के (पीएमवीबीआरवाई) तहत कार्यशाला करवाई गई। इसमें श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य लेखा नियंत्रक बीके अग्रवाल ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को योजना से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही बोर्ड से संबद्ध प्रतिष्ठानों, इकाइयों और ठेकेदारों को भी जोेड़ने के लिए कहा।
श्राइन बोर्ड के वित्तीय सलाहकार, मुख्य लेखा अधिकारी महेश कुमार शर्मा ने श्राइन बोर्ड के अंतर्गत कार्यरत प्रतिष्ठानों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि पीएमवीबीआरवाई एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसे औपचारिक रोजगार सृजन में तेजी लाने और देश के सामाजिक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए डिजाइन किया गया है। उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों से इस योजना के क्रियान्वयन में अपना पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
श्राइन बोर्ड के संयुक्त सीईओ सतीश कुमार शर्मा ने कहा कि योजना रोजगार सृजन में काफी मददगार साबित होगी। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त सुमित सिंह ने उपस्थित प्रतिष्ठान संचालकों से आग्रह किया कि वे स्वयं और अपने ठेकेदारों को इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत कराएं।