बिलावर। बदनोता में बीते सोमवार को हुए आतंकी हमले के बाद सेना और पुलिस की ओर से विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान लगातार जारी है। रविवार को सेना और स्थानीय पुलिस ने उधमपुर से सटे डूगैन ब्लॉक के धनु पेरोल में तलाशी अभियान चलाया। दोपहर 12 के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान देर शाम तक जारी रहा। हालांकि इस दौरान कुछ भी हाथ नहीं लगा।
बदनोता आतंकी हमले के बाद से ही आतंकवादी लगातार फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में अलग-अलग इलाकों में पुलिस और सेना की ओर से लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि इन्हें जल्द से जल्द ढेर किया जा सके। उधर सुरक्षा बलों की ओर से संदिग्धों और आतंकियों के मददगारों को भी चिह्नित करने का काम जारी है और उनसे भी लगातार पूछताछ की जा रही है।