कटड़ा। वैष्णो देवी के भक्तों के लिए कटड़ा सांझी छत्त के बीच चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा तीसरे दिन रविवार भी प्रभावित रही। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्हें घोड़े और पालकी से भवन की ओर प्रस्थान करना पड़ा।
दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिली, लेकिन हेलिकॉप्टर सेवा बाधित होेने से परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि अर्दकुवारी से भवन तक चलने वाली बैटरी कार सेवा और भवन से भैरो घाटी रोपवे सेवा श्रद्धालुओं के लिए जारी रही। इसके कारण उनको कुछ राहत मिली। रविवार को शाम सात बजे तक करीब 36 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो चुके थे। पिछले तीन दिनों से त्रिकूटा पहाड़ियों पर गहरी धुंध और बादल देखने को मिल रही हैं, जिससे हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित चल रही है। इसमें ऑनलाइन बुकिंग करवा चुके यात्री परेशान दिखे और उनको देर शाम तक इंतजार करने के बाद घोड़े और पालकी का सहारा लेकर भवन की ओर जाना पड़ा। वहीं शनिवार देर रात को बारिश होने के बाद दर्शनों के लिए आए यात्रियों को गर्मी से कुछ राहत मिली लेकिन रविवार को दोपहर बाद को हुई मूसलाधार बारिश से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। कटड़ा के मुख्य बाजार सहित बस स्टैंड में तेज पानी का बहाव रहा, जिसके कारण थोड़ी देर के लिए सबकुछ रुक गया। बारिश के बाद श्रद्धालु पंजीकरण के लिए लंबी-लंबी कतार में देखे गए और पंजीकरण के बाद भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। वहीं पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 42 हजार 579 के करीब भक्तों ने अपना पंजीकरण करवा कर प्राकृतिक पिडिंयों के समक्ष नमन किया। रविवार शाम सात बजे तक 36 हजार के करीब यात्री अपना पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।