एसएमवीडीयू में विशेषज्ञ वार्ता, नीति आयोग के संयुक्त सचिव युगल जोशी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा । श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटड़ा ने सोमवार को पर्यावरण के लिए मिशन लाइफस्टाइल पर विशेषज्ञ वार्ता करवाई। इसमें नीति आयोग के संयुक्त सचिव आैर मिशन लाइफ के निदेशक युगल जोशी ने पहुंचकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जीवनशैली में बदलावों से पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और पृथ्वी को बचाने में योगदान दे सकता है।
उन्होंने टिकाऊ जीवन प्रथाओं के उदाहरणों पर प्रकाश डाला और कहा कि पर्यावरण के प्रति प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा िक छोटे-छोटे उपायों से छात्र इसमें महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. प्रगति कुमार आैर प्रोफेसर उमा देवी ने भी अपने विचारों से पर्यावरण संरक्षण के उपाय बताए। प्रो. प्रगति कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई के सहयोग से किया गया। वार्ता में विशेषज्ञों के विचार सुनने के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपना दूसरा स्थापना दिवस मनाया और गीत, कविताओंं, शास्त्रीय नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एनएसएस छात्र समन्वयक साध्वी शर्मा ने बीते दो वर्षों के दौरान एनएसएस इकाई की तरफ से करवाई गईं विभिन्न गतिविधियों की संक्षिप्त प्रस्तुति दी।
कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने युगल जोशी को सम्मानित किया और मिशन लाइफ पर आधारित विषय को अंतिम रूप देने के प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने पिछले दो वर्षों में एनएसएस स्वयंसेवकों के अनुकरणीय कार्यों की भी सराहना की। एनएसएस स्वयंसेवकों साध्वी शर्मा और अभिषेक कुमार शर्मा को गत दो वर्षों के दौरान एनएसएस टीम में उनके असाधारण और निस्वार्थ योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राजीव कुमार और सह-समन्वयक डॉ. कमलदीप सहित कई अन्य शख्सियतें मौजूद रहीं।