रियासी। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल की। बस अड्डे पर स्थित विभाग के कार्यालय में सभी कर्मचारियों ने धरना दिया और नारेबाजी की।
कर्मचारी यूनियन के करतार चंद और शेर सिंह ने बताया कि सभी जिलों में कर्मचारियों की डीपीसी कर उनको स्थायी करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कई जिलों में काफी कर्मचारी स्थायी हुए लेकिन रियासी जिले में सिर्फ तीन कर्मचारियों को स्थायी किया गया। कर्मचारियों की डीपीसी सही प्रकार से नहीं की जा रही है और न ही उनको स्थायी करने का काम हो रहा है। जिले का काफी इलाका पहाड़ी और दूरदराज का है लेकिन उसके बावजूद कर्मचारी अपनी जान पर खेलकर लोगों को दिन रात बिजली की सुविधा दे रहे हैं। उनके पास उपकरण भी नहीं हैं। कई बार कर्मचारियों की जान पर बन आती है। कई कर्मचारी घायल हुए हैं। उन्हाेंने कहा कि अगर कुछ दिनों के भीतर जिले के कर्मचारियों को स्थायी नहीं किया गया तो वे पूरी तरह से हड़ताल पर उतर आएंगे।