उधमपुर। नगर परिषद के 11 पार्षदों की तरफ से पेश किए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर वीरवार को नप कार्यालय में फ्लोर टेस्ट होगा। गुप्त मतदान होने के बाद पता चलेगा कि नप अध्यक्ष डॉ. जोगेश्वर गुप्ता पद पर बने रहेंगे, या कुर्सी से कोई नया नाम जुड़ेगा। कार्यालय में यह प्रक्रिया दोपहर दो बजे तक चलेगी। इस दौरान कार्यालय में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे।
नप अध्यक्ष के खिलाफ पेश किए अविश्वास प्रस्ताव के बाद जिले की राजनीति में उथल पुथल मची हुई है। अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद अध्यक्ष ने बहुमत साबित करने के लिए बैठक का आयोजन नहीं किया। वहीं, तीन दिन बाद ईओ ने भी बैठक का आह्वान नहीं किया। इसके चलते बागी अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए पार्षदों ने डीसी कार्यालय में हंगामा किया। इसके बाद सोमवार शाम को नप ईओ ने बैठक का एलान किया और सभी पार्षदों को 22 सितंबर को बैठक में मौजूद रहने का नोटिस भेजा।
अब आज यह बैठक होनी है, जिसमें पार्षद गुप्त मतदान करेंगे। जानकारी के अनुसार बैठक सुबह 11 बजे शुरू कर दी जाएगी। सबसे पहले बैठक में पार्षदों के बीच चर्चा करवाई जाएगी। चर्चा के बाद गुप्त मतदान शुरू होगा। डॉ. जोगेश्वर गुप्ता की कुर्सी जाने और बने रहने का फैसला इसी मतदान के परिणाम पर निर्भर करेगा।