उधमपुर। विधानसभा चुनाव 2024 के संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। डिग्री काॅलेज और महिला काॅलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रविवार को छुट्टी के दिन भी तैयारियों का काम चलता रहा।
पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट की तरफ से बैरिकेडिंग की जा रही है। लोगों के अंदर प्रवेश करने के लिए अलग से मार्ग तैयार किया जा रहा है। उम्मीदवार और उनके समर्थकों के खड़े होने और परिणाम देखने के लिए एलईडी की भी व्यवस्था की जा रही है।
जिला प्रशासन ने दो दिन पहले ही मतगणना की तैयारी को लेकर बैठक की थी। इसमें आरओ, एआरओ और पर्यवेक्षकों के साथ कुछ नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए थे। इनको तैयारी के लिए दिशा-निर्देश दिए गए थे। साथ ही जलशक्ति विभाग, पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग को भी काम सौंपे गए थे।
मतगणना के लिए जिले में दो जगहों के लिए करीब एक हजार से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है। सोमवार को प्रशासन की तरफ से इनको अंतिम दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। आठ अक्तूबर को मतगणना सरकारी महिला कॉलेज और बॉयज डिग्री काॅलेज में की जाएगी।
कल होगी मतगणना, सुबह 4 बजे टीमेंं करेंगी रिपोर्ट
मतगणना से ठीक पहले सोमवार को ड्राई रन किया जाएगा और सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर इन्हें जांचा परखा जाएगा। मंगलवार को सुबह चार बजे से मतगणना टीमें मतगणना स्थलों पर रिपोर्ट करेंगी। आरओ रंजीत सिंह कोेतवाल ने बताया कि मतगणना केंद्र के गेट से लास्ट एंट्री सुबह सात बजे होगी। इसके बाद किसी को भी भीतर प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट मतगणना होगी और इसके करीब आधे घंटे के बाद ईवीएम मतगणना का कार्य शुरू हो जाएगा।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी मतगणना, 500 के करीब जवानों की रहेगी तैनाती
मतगणना की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पैरा मिलिट्री फोर्सेज, स्टेट आर्म्ड पुलिस और जिला पुलिस का त्रिस्तरीय घेरा बनाया गया है। इसके लिए लगभग 500 जवानों की विशेष तौर पर तैनाती की गई है।
मतगणना के दौरान महिला काॅलेज के सामने से वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
मतगणना को लेकर फिलहाल बॉयज डिग्री काॅलेज रूट पर किसी तरह का रूट डायवर्जन नहीं किया गया है लेकिन महिला काॅलेज में होने वाली मतगणना के मद्देनजर कल्लर रोड से लेकर केडी एन पैलेस के हिस्से तक गाडि़यों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगा। डीएसपी मुख्यालय प्रह्लाद शर्मा ने बताया कि मतगणना के दिन सैलां तालाब और बट्टल बालियां के बीच चलने वाली सभी गाड़िया हाईवे से होकर अथवा लौंडना मार्ग से होकर गुजर पाएंगी। महिला कॉलेज के सामने रोड से किसी भी गाड़ी को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि यहां पैदल आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।