उधमपुर। बीती रात को धार रोड पर शहर के मुख्य पोस्ट आफिस के समीप एक तेज रफ्तार ई रिक्शा ऑटो की टक्कर लगने से एक बुजुर्ग दुकानदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम प्रसाद गुप्ता (62) पुत्र स्व. शिवलाल गुप्ता निवासी वार्ड नंबर 7 बिल्लन बावली उधमपुर के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने इस सम्बंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक राम प्रसाद गुप्ता शहर के मुख्य बस स्टैंड के शाह मार्किट में दुकान चलाते थे। रात को दुकान बंद करके वह अपने घर को जा रहे थे कि रास्ते में मुख्य डाकघर के समीप जब वह धार रोड को पार कर रहे थे तब एक अज्ञात नंबर के तेज रफ्तार ई रिक्शा ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीयों की सहायता से उन्हें तत्काल उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया गया, मगर जांच के बाद डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसाें को सौंप दिया है। संवाद