उधमपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल ने स्पर्धा थीम पर आधारित अपना वार्षिक खेल दिवस 2024 मनाया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।
कार्यक्रम का प्रारंभ खेल मशाल जलाकर किया गया। इसके बाद छह टुकड़ियों ने एक मार्चपास्ट किया गया। इसमें दो एनसीसी और चार हाउस ब्यास, चिनाब, रावी और झेलम के दल शामिल थे। गणेश वंदना समारोह से ट्रैक-फील्ड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस मौके पर मुख्यालय 71 सब एरिया से परिवार कल्याण संगठन की अध्यक्षा आशिमा ढिल्लों मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा एडब्लयूईएस के निदेशक कर्नल एमएस रावत सहित अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में फ्यूजन डांस, ज़ुम्बा, एरोबिक्स और अन्य मनमोहक प्रदर्शन सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सभी कक्षाओं के छात्रों ने अपनी एथलेटिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में भाग लिया। इन आयोजनों के विजेताओं को कर्नल एमएस रावत ने पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि ने 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स, पचौरी पदक विजेताओं, 90 प्रतिशत और उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों, सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेटों और राष्ट्रीय खेल उपलब्धियों को पुरस्कार वितरित किए। दसवीं कक्षा के टॉपर कामाख्या कमल ने 96 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि बारहवीं कक्षा के टॉपर पंकुश सिंह ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल किए और पचौरी पदक भी जीता। अन्य पचौरी पदक विजेताओं में सानिया शर्मा, श्रिया शर्मा और आरके विजय भास्कर शामिल हैं। कौस्तुभ शर्मा एवं हरमनदीप कौर को सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट्स का पुरस्कार दिया गया, जबकि 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को एक प्रमाणपत्र और प्रत्येक को 5,000 का नकद पुरस्कार मिला, जबकि पचौरी पदक विजेताओं को एक प्रमाण पत्र और प्रत्येक को 6,000 का नकद पुरस्कार मिला। रवि हाउस को सीसीए श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ हाउस घोषित किया गया, जबकि झेलम हाउस ने खेल श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ हाउस का पुरस्कार जीता। स्कूल प्रिंसिपल ने वार्षिक रिपोर्ट में स्कूल में शिक्षा, खेल, अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट आदि पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलमय कामना की। कार्यक्रम का समापन चक दे इंडिया नृत्य प्रदर्शन के साथ हुआ।
फोटो सहित