कटड़ा। कटड़ा रेलवे स्टेशन के पास पानी के टैंकर की चपेट में आने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीव मीणा (31) निवासी कुंभराज, जिला गुना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को संजीव अपने एक साथी के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा आए थे। दर्शन के बाद दोनों रात को ही वापस कटड़ा पहुंचे और एक होटल में ठहरे। मंगलवार सुबह करीब 9:40 बजे उनकी ट्रेन थी जिसके चलते वे रेलवे स्टेशन की ओर पैदल जा रहे थे। साथी ने बताया कि सुबह उठते ही संजीव असामान्य व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे कोई मारने आ रहा है और कोई मुझे मार देगा जैसी बातें कर रहे थे। जब दोनों स्टेशन चौक के पास पहुंचे तो अचानक संजीव मीणा ने अपने साथी का हाथ छुड़ाया और सड़क की दूसरी ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे पानी के टैंकर की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को कटड़ के चिकित्सा केंद्र लाया गया जहां उपचार के समय उसकी माैत हो गई। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच जारी है। संवाद