चिनैनी। दोमेल के पास चिनैनी की और आने वाली सड़क के बीचोबीच बनाई गई छोटी दीवार को हटाने या सड़क को चौड़ा करने की मांग स्थानीय प्रतिनिधियों ने उठाई है। उन्होंने कहा कि सड़क के बीचोबीच दीवार होने से हादसे का डर रहता है और बीते दिनों उसी स्थान पर दमकल विभाग का वाहन हादसे का शिकार हो गया था। इस बारे में चेयरमैन मानिक गुप्ता ने कहा चिनैनी दोमेल के पास सड़क के बीचोबीच जो दीवार बनाई गई है, उसका क्या मकसद है। दीवार के कारण सड़क भी सकरी हो चुकी है। जिससे वाहनों को आने व जाने में दिक्कत होती है। सड़क निर्माण एजेंसी को उक्त स्थान पर यदि दीवार को ऐसे ही रखना है तो मोड़ को बड़ा व सड़क की चौड़ाई बढ़ानी चाहिए। जिससे हादसे का डर दूर हो सके। वहीं वार्ड एक की पार्षद शाजिया ने कहा कि चिनैनी दोमेल के पास उक्त दीवार के कारण सड़क तंग हो गई है। डर रहता है कि कोई हादसा न हो जाए। उक्त स्थान पर पिछले दिनों पहले एक कार और बाद में दमकल विभाग का वाहन भी हादसे का शिकार हुआ है। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए और मोड़ को खुला करना चाहिए। बीडीसी चेयरमैन प्रकाश चंद ने भी चिनैनी दोमेल के पास बनी इस दीवार के समीप मोड़ को खुला व सड़क को चोड़ा किए जाने को कहा है।