-पीडब्ल्यूडी ने राज्य योजना के तहत 91.83 लाख की निविदा की जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पंचायत पट्ठी में राजा मंडलीक से भीम देवता तक जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसे लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग ने राज्य योजना के तहत 91.83 लाख की निविदा जारी कर दी है।
निविदा प्रक्रिया पूरी होने पर सड़क को बनाने को लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू हो जाएगा। पंचायत पट्ठी के वार्ड नंबर 7 में बनने वाली इस सड़क से ग्रामीणों का आवाजाही को लेकर काफी लाभ मिलेगा। स्थानीय निवासी बोध राज, मक्खनू, शोभा देवी ने बताया कि यहां सड़क बनाने की मांग काफी पुरानी है। राजा मंडलीक देवस्थान और भीम देवता के दरबार में काफी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं लेकिन सड़क सुविधा नहीं होने से काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में ज्यादा परेशानी होती है। लोग काफी समय से सड़क बनाने की मांग कर रहे थे। सड़क बनने के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में भी वृद्धि होगी। आसपास के स्थानीय लोगों को भी इस सड़क के बनने से काफी राहत मिलेगी।