उधमपुर। पहली से नौवीं कक्षा तक वार्षिक परीक्षा को लेकर जारी डेटशीट पर निजी स्कूल एसोसिएशन ने एतराज जताया है।
शनिवार को सदस्यों ने कहा कि शिक्षा विभाग ने 14 फरवरी को परीक्षा शुरू करने की डेटशीट जारी की है। इसके मुताबिक 26 फरवरी तक परीक्षाएं संपन्न होंगी और 4 मार्च को अभिभावक-शिक्षक बैठक कर रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। इससे बच्चों को पूरे महीने घर में फ्री बैठना पड़ेगा। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि समय से पहले परीक्षाएं और परिणाम घोषित करने से विद्यार्थियों का लगभग मार्च महीना खराब होगा। बीते साल आपरेशन सिंदूर, फिर बाढ़-बारिश और बादल फटने जैसी प्राकृतिक घटनाएं हुईं। इस कारण लंबे समय तक स्कूल बंद रहे। इसलिए सरकार से आग्रह किया था कि विद्यार्थियों को सिलेबस में छूट दी जाए। साथ ही परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए। हैरानी इस बात की है कि चार फरवरी को शिक्षा विभाग जम्मू के निदेशक की ओर से डेटशीट जारी की कि 14 फरवरी से मूल्यांकन परीक्षाएं होंगे। डेटशीट नई शिक्षा नीति 2020 के विपरीत है, जिसमें साफ कहा गया है कि विद्यार्थियों की मूल्यांकन परीक्षा मार्च के पहले सप्ताह में करवाई जाएं। उनकी मांग है कि डेटशीट को संशोधित कर राहत दी जाए। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू को ज्ञापन दिया गया है। संवाद