रियासी। कस्बे में मंगलवार को कालिका अखाड़े में दंगल करवाया गया। बड़ी माली में अखाड़े के पहलवान सुरजीत सिंह ने जम्मू अखाड़े के बब्बा को हराकर दंगल जीत लिया। दोनों पहलवानों के बीच कढ़ी स्पर्धा देखी गई। पुलिस विभाग की तरफ से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत करवाए गए दंगल में रियासी व अन्य जिलों से आए 70 पहलवानों ने दमखम दिखाया। दंगल में कुल 35 मुकाबले हुए। इनमें पहलवानों ने आपस में दाव पेंच लगाए। दंगल को देखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से काफी लोग पहुंचे। बड़ी माली के विजेता व उपविजेता को एसएसपी अमित गुप्ता ने पुरस्कार दिए। उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा रहा है। बीते दिनों कबड्डी, वाॅलीबाल, बैडमिंटन प्रतियोगिताएं करवाई गई हैं। दंगल के बाद विभाग बुधवार को यूटी स्तर पर राफटिंग प्रतियोगिता करवाएगा। इसमें कई टीमें हिस्सा लेंगी। मौके पर शिव कुमार शर्मा, डीएसपी नीरज पढ़यार, एसएचओ विजय शर्मा, एडवोकेट पवन देव सिंह भी मौजूद रहे। संवाद