उधमपुर। दशहरा उत्सव कमेटी की ओर से दशहरा महोत्सव के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। शनिवार को आयोजित होने वाले पर्व में जहां डोगरी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, वहीं सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
खासकर पिछले बार के मुकाबले पुतलों के आकर में बढ़ोतरी की गई है। प्रशासन की ओर से समारोह स्थल को सील कर दिया गया है और दशहरा महोत्सव के दौरान वीआईपी रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रखी गई है। जिला विकास आयुक्त सलोनी राय की देखरेख में जिला मुख्यालय के सुभाष स्टेडियम में आयोजित होने दशहरा महोत्सव की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार को दोपहर तीन बजे से महोत्सव शुरू हो जाएगा और भगवान राम, लक्ष्ण, सीता और हनुमान सहित वानर सेना के रूप में तैयार पात्रों के साथ चबूतरा स्थित राम कला केंद्र से शोभा यात्रा की शुरुआत की जाएगी। ढोल नगाड़ों के साथ शोभा यात्रा में शहर के कई गण्यमान्य व्यक्ति और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस बार महोत्सव को अपनी डोगरी संस्कृति का रूप देने के लिए डोगरी पगड़ी के साथ शहरवासी शोभा यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह स्टाॅल भी लगाए जाएंगे और फूलों की बरसात भी की जाएगी।