कटड़ा। माता वैष्णो देवी के त्रिकुट पर्वत सहित धर्मनगरी में बुधवार को हुई बारिश से स्थानीय लोगों और देश भर से आ रहे यात्रियों को सुबह व शाम ठंड का सामना करना पड़ा रहा है। हालांकि, इससे श्रद्धालुओं के जोश में कोई कमी नहीं आई है। उन्हें हेलिकॉप्टर, रोपवे और बैटरी कार सेवाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। भक्त पूरे उत्साह के साथ माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा कर रहे हैं।
भवन से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को दिन भर हुई बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। दो दिनों से सुबह व शाम को मौसम काफी ठंडा रहता है। वहीं, हेलिकॉप्टर सेवा लगातार जारी है, जिसका श्रद्धालु भरपूर लाभ उठा रहे हैं। ठंड में काफी बढ़ोतरी होने के बावजूद श्रद्धालु निसंकोच माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। अर्द्धकुवारी से भवन तक हिमकोटि मार्ग पर बैटरी कार सेवा और भवन से भैरव घाटी के लिए रोपवे सेवा भी बहाल है।
उधर, पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को 22727 भक्तों ने अपना पंजीकरण करवाकर भवन में माता की प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष नमन किया। वहीं, शुक्रवार को शाम छह बजे तक 17 हजार से अधिक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। अभी कक्ष बंद होने में चार घंटे शेष थे, और पंजीकरण के लिए भक्तों की कतार लगी थी।