किश्तवाड़ में मलबे में दबा जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
किश्तवाड़ जिला अंतर्गत पड़ने वाले सरथल रोड पर भागरां में वीरवार की शाम करीब पांच बजे पहाड़ी का एक बड़ा टुकड़ा मलबा के सथ भरभराकर जेसीबी पर आ गिरा। इस हादसे में जेसीबी के चालक और सहचालक की मौके पर ही मौत हो गई।
गौरतलब है कि भागरां-सरथल रोड पर इन दिनों सड़क का काम चल रहा है। इस सिलसिले में वीरवार को पहाड़ी में ब्लास्टिंग की गई। ब्लास्टिंग के बाद बिखरे मलबे को हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई थी। इस बीच पहाड़ी का बड़ा टुकड़ा भारी मलबे के साथ जीसीबी और सड़क किनारे खड़ी कंप्रेशर मशीन पर आ गिरा।
इससे जेबीसी का ड्राइवर कठुआ निवासी दीपू कुमार और तागू छात्रू निवासी सहचालक संजय कुमार मलबे में दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर किश्तवाड़ से पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से और शवों को मुश्किल से बाहर निकाला गया। एक शव के दो टुकड़े हो चुके थे। एसएसपी संदीप वजीर ने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।