जिले में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे पर बनिहाल पुलिस थाना अंतर्गत पड़ने वाले शाबनडाश इलाके में अल्टो कार चालक से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गाड़ी में चार लोग सवार थे। इसमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर घायलों को उपजिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया गया, जहां से दोनों घायलों को श्रीनगर के मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में मरने वालों में चालक शौकत अहमद और मुशीद अहमद निवासी पुलवामा के नाम शामिल हैं। गंभीर रूप से घायलों में मोहम्मद अकबर, मोहम्मद शफी दोनों निवासी पुलवामा के नाम शामिल हैं।
वहीं एक अन्य हादसे में श्रीनगर की ओर जा रहा एक ट्रक रामबन पुलिस थाना अतंर्गत पड़ने वाले बैटरी चश्मा में अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल, जिनमें रेडक्रास के स्वयं सेवक, एसडीआरएफ, पुलिस और सेना के जवान बचाव कार्य में जुट गए।
करीब चार घंटे के कठिन प्रयास के बाद घायलों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया। थाना प्रभारी रामबन नवीन अंगराल ने बताया कि इस हादसे में नईम अहमद वानी निवासी बटपोरा अनंतनाग की मौत हो गई। चालक मोहम्मद इरफान और सहचालक माजिद अहमद (दोनों भाई) निवासी खन्नाबल अनंतनाग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।