पंचैरी में दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि रविवार को जिब इलाके में शादीशुदा पड़ोसी युवक नौ वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बच्ची के पड़ोस में ही रहने वाला संजय कुमार (30) अपने परिवार के साथ रहता है। अक्सर बच्ची इनके घर के बाहर खेलने के लिए जाती थी। रविवार को संजय कुमार घर में बिल्कुल अकेला था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बच्ची खेलते हुए युवक के घर के बाहर पहुंची तो बच्ची को अपने साथ कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया।
जख्मी अवस्था में बच्ची जब घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर पूरा परिवार सन्न रह गया। तुरंत बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया और इसकी जानकारी रैंबल पुलिस स्टेशन में दी गई। जानकारी मिलते पर पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
रैंबल के एसएचओ के साथ शहर से एएसपी स्वयं मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। बच्ची के साथ दुष्कर्म की जानकारी मिलने के बाद पूरे जिब इलाके में लोगों में रोष पैदा हो गया है। बच्ची की हालत ऐसी हो गई कि उसे जिला अस्पताल में एडमिट करवाना पड़ा है।