जिला अस्पताल में एक नवजात शिशु को चूहे द्वारा कुतरने से हुई मौत के मामले की स्वास्थ्य निदेशक ने जांच के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. गुरजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच का जिम्मा सीएमओ को दिया गया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कतिपय कारणों से शिशु की मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद शव को चूहे ने कुतरा है।
जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को छात्रू के उड़ील गांव से गुलाम हसन अपनी पत्नी मुरसा बेगम को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में लाया। प्रसव ठीक से हो गया, लेकिन नवजात प्रीमेच्योर था। इसके चलते उसे मशीन में डाला गया था। आरोप है कि बाद में उसे मेटरनिटी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
इसी दौरान चूहे के कुतरने से उसकी मौत हो गई। उसका आरोप है कि नवजात के पूरे शरीर पर खून फैल गया था। उसने चूहे को कुतरते भी देखा है। बाद में यह मामला तूल पकड़ने लगा तो थाना प्रभारी समीर जिलानी ने अस्पताल पहुंचकर जांच की।