कसबे के थापा चौक पर शनिवार शाम को अफीम और डेढ़ लाख से अधिक नकदी सहित पकडे़ गए पुलिस के कांस्टेबल और दो अन्य आरोपियों को एक्जीक्यूटिव मैजिस्ट्रेट ने पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड पर पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी। इनके बैंक खातों की भी जांच की जाएगी।
मुमकिन है कि यह मामला हाई प्रोफाइल और नशे की बड़ी तस्करी का साबित हो सकता है। कस्बे में सोमवार को भी यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। इस केस में पुलिस हर पहलू पर गौर कर रही है। यह जांच की जा रही है कि पकडे़ गए आरोपी खुद अफीम का इस्तेमाल करते थे या फिर बेचते थे।
दरअसल इनसे बरामद डिजिटल तराजू इस बात की तस्दीक करता है कि आरोपी मादक पदार्थ बेचते भी थे। इनसे बरामद 1 लाख 63 हजार 400 रुपए भी कई संदेश पैदा कर रहा है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों की डिटेल तो मांगी ही है। वहीं एचडीएफसी बैंक के उस एटीएम के भीतर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मांगी है, जिसके पास से एक आरोपी को पकड़ा गया था।
पकडे़ गए तीन आरोपियों में से एक आरोपी कुणाल पंडोह को स्वास्थ्य संबंधी कोई शिकायत होने पर पुलिस ने उसको हिरासत में जिला अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद वहां से शारीरिक जांच के लिए जम्मू मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी ओर जब्त अफीम को एफएसएल जांच के लिए भेज दिया गया है।
शनिवार की देर शाम को गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर कटड़ा और आसपास के इलाकों में छापेमारी की गई। उसके बाद मौसम खराब हो गया और देर रात हो गई। इसलिए रविवार को मामले की जानकारी मीडिया को दी। एटीएम से गिरफ्तार आरोपी के पास कुछ था जो उसने खराब मौसम का फायदा उठाते हुए कहीं फेंक दिया। जो भी मामला होगा, उसकी खुलासा किया जाएगा।
-सुजीत कुमार, एसएसपी, रियासी