उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी के कोटला इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव घर में लगाए फंदे से लटकता हुआ मिला है। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर रवाना हो गई है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। रविवार शाम करीब सात बजे के करीब किसी ने 32 वर्षीय बिशना देवी का शव घर में रस्सी के साथ लगाए फंदे से लटकता हुआ देखा और तुरंत इसकी जानकारी पंचैरी पुलिस को दी। पंचैरी से कोटला करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर है और पुलिस को मौके पर पहुंचने के लिए घंटों का सफर पैदल तय करना है। एसएचओ पंचैरी का कहना है कि अभी तक पुलिस शव तक नहीं पहुंच पाई है, क्योंकि रास्ता बहुत लंबा है। अभी महिला की मौत के बारे में कुछ नहीं बताया जा सकता है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम पीएचसी पंचैरी में कराया जाएगा। प्राथमिक जांच के बाद ही महिला की मौत के बारे में कुछ जानकारी दी जा सकती है। ब्यूरो