उधमपुर। शहर के जखैनी इलाके में रविवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चे सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कटड़ा के नारायणा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
शहर के जखैनी इलाके में सीआरपीएफ कैंप के नजदीक सुबह करीब नौ बजे अल्टो कार (जेके08जी-1123) की सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक (जेके02बीजेड-1186) के साथ टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में कार में सवार अश्वनी कुमार (32) निवासी मेरथ कठुआ, चेतना पत्नी अश्वनी कुमार मेरथ कठुआ, सतपाल निवासी पटेयाड़ी सांबा, चंद्र ज्योति पत्नी रवि कुमार निवासी गनयाड़ी कठुआ, नकेश (4) पुत्र रवि, रवि कुमार निवासी गनयाड़ी कठुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जखैनी चौक पर मौजूद पुलिस कर्मी और कैंप के नजदीक मौजूद सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत से घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो सभी को कटड़ा स्थित नारायणा अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी थी।