कच्चे मकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील के नीली गांव में शुक्रवार सुबह कच्चे मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपनी तरफ से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिली। जब अब बुझी तो पता चला कि अंदर रखा लाखों का सारा सामान जलकर राख हो गया है।
जानकारी अनुसार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्यार चंद के परिवार के सदस्य खेत में काम करने गए थे कि अचानक सभी ने मकान के अदंर से धुंआ निकलते देखा। दौड़ते हुए सभी घर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरे मकान को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था। आसपास रहने वाले ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने बाल्टियों से पानी भर कर आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हुआ। दोपहर करीब तीन बजे आग बुझी, लेकिन तब तक अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। सामान को राख में तब्दील देख पूरा परिवार सोच में डूब गया था। प्यार चंद ने बताया कि उसके जीवन भर की पूंजी आग में जल गई है। उसने दिन रात कड़ी मेहनत कर एक एक चीज बनाई थी, लेकिन एक ही झटके में आग ने सब कुछ जलाकर राख कर दिया। उसके लिए अब दोबारा से सब कुछ बनाना बहुत मुश्किल होगा। उसकी जिला प्रशासन से अपील है कि किसी तरह से उनकी सहायता की जाए। वहीं परिवार के सदस्यों ने बताया कि सुबह के समय बिजली बंद थी और सुबह करीब साढ़े दस बजे बिजली आई और मकान को आग लग गई। इससे लगता है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है।