उधमपुर। पशु तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए उधमपुर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर अवैध रूप से पैदल घाटी की ओर ले जाए जा रहे 23 मवेशियों को मुक्त करवाया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुश्ताक अहमद पुत्र सराज दीन निवासी रामबन जो मौजूदा समय में कठुआ में रहता है और रहीमू पुत्र कालू निवासी अखनूर के रूप में हुई है। एसएसपी राजीव पांडे ने बताया पुलिस ने जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिकरी में नाका लगाया था। इस दौरान दो लोगों को अवैध रूप से मवेशियों को पैदल घाटी की ओर ले जाते देखा। पूछताछ में वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पुलिस ने दोनों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर 23 मवेशियों को मुक्त करवाया है। वहीं, रैंबल थाने में मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी है।