कटड़ा। धर्मनगरी में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोग परेशान हैं। शनिवार को कटड़ा के बाण गंगा मार्ग पर दोपहर 12 बजे के करीब एक मजदूर से शातिर 4200 रुपये छीनकर भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान आकाश निवासी बिक्रम चौक (जम्मू) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को थाने में बंद कर दिया है। अंग्रेज सिंह निवासी रियासी ने बताया कि वह दिहाड़ी लगाकर लौट रहा था, इसी दौरान उक्त व्यक्ति ने उससे हाथापाई कर पैसे छीन लिए। एसडीपीओ कटड़ा कुलजीत सिंह ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह इससे पहले किन-किन वारदातों में शामिल रहा है। बता दें कि शुक्रवार रात को भी कस्बे के अप्पर बाजार में चोरी की तीन वारदातें हुईं। शातिरों ने तीन घरों में सेंध लगाकर करीब 47,000 रुपये के तीन मोबाइल व 6000 रुपये नकदी चुरा ली। अभी तक आरोपियों का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है।