उधमपुर। शहर के साथ लगते पठ्ठी इलाके में बीती रात एक बेटे ने शराब के नशे में अपनी मां को पीट डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक उधमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते पठ्ठी में बीती रात जीवन कुमार ने शराब के नशे में घर आकर अपनी मां वैष्णो देवी के साथ गाली गलौच करने के बाद उन्हें बुरी तरह से पीट डाला। इसके चलते घर की बहू आशु देवी जब अपनी सास को उससे छुड़ाने के लिए गई तो उसे भी उसने गालियां निकालकर बाहर कर दिया। इस पर घर के परिजनों ने पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया। इसके चलते कुछ समय में पुलिस पहुंची और उन्होंने महिला के साथ मारपीट करने वाले उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में महिला ने बताया कि उनका बेटा पहले भी शराब पीकर गाली गलौच करता था लेकिन पहली बार उनके साथ मारपीट कर उसने अपने बाप को जान से मारने की धमकी दी है। महिला ने पुलिस से उस पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करने के साथ ही उसे जेल में बंद रखने की गुहार लगाई है। इस बारे में थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि जीवन कुमार को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित के बयान के आधार पर उचित कार्रवाई की जा रही है।