उधमपुर। बीती देर रात शहर की हाउसिंग काॅलोनी इलाके में अज्ञात युवकों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसे तत्काल उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। बाद में उसे आगे के इलाज के लिए जीएमसी लुधियाना भेज दिया गया है। घायल युवक की पहचान संजीव शर्मा पुत्र गोपाल दास (25) निवासी हाउसिंग काॅलोनी मूल निवासी झजर कोटली के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक घायल हुआ युवक हाउसिंग काॅलोनी में स्थित प्रेम स्वीट शाॅप पर काम करता था। इस पर देर रात कुछ अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। फिर मौके से फरार हो गए। घायल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है। संवाद