उधमपुर। जिले के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में वीरवार को कोरोना संक्रमण के 28 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 19 लोग ठीक भी हुए हैं। गौरतलब कि पिछले महीने के मुकाबले नवंबर माह में कोरोना संक्रमण के मामलों में दोबारा से उछाल आया है। जहां पिछले महीने प्रतिदिन कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आने का आंकड़ा दस से नीचे रह गया था। वहीं, अब फिर से कोरोना का ग्राफ चढ़ने लगा है। इस बीच कोरोना से मरने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि बुधवार के मुकाबले वीरवार को कोरोना संक्रमण के आंकडों में कमी रही। वही, जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से लगातार एसओपी का पालन करने की अपील की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहें हैं। संक्रमितों का पता लगाकर उनके रैपिड टेस्ट कर उन्हें क्वाररटीन व आइसोलेट किए जाने का सिलसिला जारी है। वहीं वीरवार को भी सामने आए कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को क्वारंटीन करने के अलावा उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाने तथा उनके टेस्ट की प्रक्रिया तेज गति से जारी रखी गई।