उधमपुर। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह की ओर से ऑपरेशन सिंदूर को लीड करने वाली भारतीय सेना की जांबाज कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को उन्होंने कहा कि मंत्री शाह ने अपने बयान में कहा कि जिन आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा है उन्हें मारने के लिए मोदी सरकार ने उन्हीं के समाज की उनकी बहन सोफिया कुरैशी को भेजा। मगोत्रा ने कहा कि कर्नल सोफिया ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया, उनको आतंकियों की बहन कहना न सिर्फ एक जांबाज सैन्य अधिकारी का अपमान है बल्कि यह पूरे देश की नारी जाति और भारतीय सेना का अपमान है। उन्होंने भाजपा से भी मांग की कि ऐसे मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संवाद