किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में बुधवार को फिर से मौसम खराब होने के साथ ही निचले क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। इस कारण क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
बारिश के चलते किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग सिनथन टॉप पर बर्फबारी के चलते आवाजाही के लिए बंद रहा। जिले के उपमंडल पाडर व मढ़वा के अधिकतर इलाकों में बर्फबारी हुई। यहां तक कि किश्तवाड़ शहर के आसपास की पहाड़ियां भी बर्फ की सफेद चादर में लिपट गईं।
जिला उपायुक्त डॉ. देवाश यादव के निर्देश पर बुधवार को बारिश व बर्फबारी के चलते प्राइमरी और मिडिल स्कूल बंद रहे। मात्र नौवीं कक्षा से ऊपर के बच्चे स्कूलों में आए। उनकी संख्या भी कम ही रही। बंद का आदेश जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी सुदर्शन कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों तक पहुंचाया।
10 घंटे हो रही बिजली कटौती
जिला किश्तवाड़ में सर्दियों के आते ही बिजली कटौती में समय निर्धारित किया गया था कि एक फीडर में कम से कम छह घंटे की कटौती की जाएगी, जो कि बढ़कर आठ से 10 घंटे हो रही है। अनियमित कटौती के कारण लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष है। कभी कहीं रिपेयरिंग के नाम पर कटौती हो जाती है तो कभी ओवरलोड के कारण बंद कर दी जाती है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लोग ओवरलोड करते हैं तो फ्यूज उड़ जाते हैं। इसके अलावा ग्रिड स्टेशन में भी लोड को देखते ही कटौती की जाती है।