उधमपुर। शहर से प्रतिदिन निकलने वाली गंदगी को फेंकने के लिए जिला प्रशासन ने नए स्थान की तलाश शुरू कर दी है। जब तक सुई में गंदगी फेंकने को लेकर चल रहे विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, नए स्थान पर ही गंदगी को जमा किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. जोगेश्वर गुप्ता ने सोमवार को डीसी कार्यालय में डीसी कृतिका ज्योत्सना से मिलकर पूरी बात रखी। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासी लगातार गंदगी डालने का विरोध कर रहे हैं। नप के लिए गंदगी को बाहर फेंकना सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। इसलिए, इस समस्या का समाधान केवल नए स्थान की तलाश करके ही निकाला जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जब तक सुई में पहले से मौजूद ढाई हजार टन गंदगी का निस्तारण नहीं हो जाता, उनको दूसरे स्थान पर ही गंदगी फेंकनी पड़ेगी। करार के अनुसार ठेकेदार केवल पुरानी गंदगी का ही निस्तारण करेगा, और सुई में नई गंदगी को नहीं फेंकने देगा। इसलिए, मौजूदा हालात को देखते हुए नए स्थान की सख्त जरूरत है। इस पर डीसी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को शहर के आसपास नए स्थान की तलाश करने के निर्देश दिए हैं।