-गाड़ियों की आवाजाही में होती है दिक्कतें, रहता है हादसे का अंदेशा
चिनैनी। बरसात के बाद चिनैनी की दयनीय सड़कों की हालत में सुधार किए जाने की मांग स्थानीय लोगों ने उठाई है । लोगों ने कहा कि चिनैनी सब डिविजनल मुख्यालय के अंतर्गत कई सड़के ऐसी हैं जिनकी हालत काफी खस्ता हो चुकी है, सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं जिसका सुधार बरसात खत्म होते ही किया जाना चाहिए । स्थानीय निवासी प्रकाश सिंह, रमेश कुमार, विजय कुमार ने कहा कि चिनैनी कस्बे के साथ ही अलग-अलग रूटों की ओर जाने वाली सड़कों की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है । बरसात में सड़के तालाब का रूप ले लेती हैं और गाड़ियां भी हिचकोले खाते हुए गुजरती हैं । कई बार हादसे का भी अंदेशा इन मार्गों पर रहता है जिसको लेकर प्रशासन को विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है । उन्होंने कहा कि कस्बे में ग्रामीण क्षेत्र के अलावा दूसरी जगह से भी लोग आते हैं जिन्हें सड़कों की खस्ता हालत परेशान करती है । प्रशासन को चाहिए कि बरसात खत्म होते ही सड़कों की हालत में सुधार किया जाए ताकि जो भी लोग चिनैनी क्षेत्र में आए उन्हें सड़कों को लेकर परेशान ना होना पड़े ।