रामनगर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चौंतरा माता प्रबंधक कमेटी की ओर से चौंतरा माता के दरबार के लिए 38वीं छड़ी यात्रा आज रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ रवाना होगी। यह यात्रा ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच आयोजित की जाएगी। कमेटी के सदस्य खेम राज शर्मा, शिवराम शर्मा, पवन कुमार और राजेंद्र, नीरज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया सुबह 8 बजे कस्बे के प्राचीन भगवान नरसिंह मंदिर से छड़ी यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके बाद यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए दुर्गा मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा के उपरांत श्रद्धालु वाहनों के माध्यम से प्लासा गांव के रास्ते चौंतरा माता भवन की ओर प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह लंगर की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को भोजन और जलपान की सुविधा मिलेगी। कमेटी की ओर से चौंतरा माता भवन में भंडारे का भी आयोजन किया गया है। आयोजकों ने कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर माता के दर्शन करें और पुण्य के भागीदार बनें। संवाद