पौनी। महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू में 25 फरवरी से तीन दिवसीय मेले की शुरुआत होगी।
बुधवार को महाशिवरात्रि है। वीरवार को तीन दिवसीय मेले का समापन विशाल वार्षिक दंगल के साथ होगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवखोड़ी में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने पाए, इस संदर्भ में मंगलवार को एडीसी राकेश कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों साथ बैठक की। आधार शिविर से शिव गुफा तक लंगर लगाने के लिए लंगर समितियों को तहसीलदार से अनुमति लेनी होगी।
लंगर समिति को जोरदार आवाज के साथ लाउड स्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही प्लास्टिक पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। जारी आदेशों की उल्लंघना करने वाले लंगर वालों पर कार्रवाई होगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इस पर भी चर्चा हुई। बैठक में इंचार्ज तहसीलदार अनिल मल्होत्रा और डीडीसी केवल कृष्ण शर्मा भी मौजूद रहे। संवाद