उधमपुर शहर के बीचोबीच वार्ड 7 के बिल्लन बावली इलाके में स्थित जागृति वृद्धाश्रम से सटे नाले में वीरवार शाम को एक शव प्लास्टिक की बोरी में पैक बरामद हुआ है। यह वही नाला है जहां से 7 अगस्त को व्यापारी राकेश खजूरिया का शव बरामद हुआ था। राकेश की तरह यह शव भी सड़ गल चुका है और उसके हाथ पैर बंधे हुए मिले हैं। एक के बाद एक लाश शहर के बीच मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है।
जागृति आश्रम के मैनेजर रतन लाल ने बताया है कि शाम को उनके आश्रम के बच्चे नाले के किनारे कूड़ा फेंकने गए थे। बच्चों ने नाले में एक बोरा तैरता पाया, जिससे भयंकर बदबू आ रही थी और मक्खियां भिनभिना रही थीं। इसकी जानकारी बच्चों ने रतन लाल का दी। रतन लाल ने आश्रम का एक समझदार व्यक्ति नाले पर जानकारी के लिए भेजा। उसने जब लौटकर बोरे को संदिग्ध बताया तो पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इलाके का मुआयना किया और प्लास्टिक का बोरा नाले से बरामद किया।
उससे असहनीय बदबू आ रही थी। जब इस बोरे को खोला गया तो उसमें सड़ गल चुका एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। उसके हाथ पैर बांधे गए थे और बोरे में भरकर नाले में फेंका गया होगा। शव की बुरी हालत को देखकर प्रतीत हो रहा था कि यह कई दिनों पुरानी लाश है। शव के पानी में पड़े रहने से गल जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रख दिया है और उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक जांच टीम ने शव और उस स्थान से जांच के लिए सैंपल लिए हैं। बोरी में भरे शव के बरामद होने से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। शव के मिलने की स्थिति को देखते हुए लोग इसे साफ तौर पर हत्या का मामला करार दे रहे हैं।
7 अगस्त को मिला था राकेश खजूरिया का शव
गौरतलब है कि करीब डेढ़ महीने पहले 7 अगस्त को इसी नाले से नगर के वार्ड 15 के निवासी व्यापारी राकेश खजूरिया का शव बरामद हुआ था। चश्मदीदों ने बताया था कि उसकी आंखें, नाक और अंगुलियां काट ली गई थीं। सात दिन तक नाले में पड़ा रहने के कारण वह भी गल चुका था और भयंकर बदबू आ रही थी।
राकेश खजूरिया मामले में पुलिस अब भी खाली हाथ
व्यापारी राकेश खजूरिया का शव मिले कोई डेढ़ महीना बीतने को है, लेकिन अब तक पुलिस को उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार उसकी अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं मिली है, जिससे मामले का खुलासा हो सके।
जागृति आश्रम के निवासियों ने नाले से भयंकर बदबू आने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर मुआयना किया तो प्लास्टिक के बोरे में भरा शव बरामद हुआ। शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है। शिनाख्त होने पर आगे की जांच की जाएगी। -
अनवर उल हक, एएसपी, उधमपुर।