कटड़ा। दीपावली पर्व कटड़ा व मां वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। भवन पर सुबह हुई दिव्य आरती में मां वैष्णो देवी की स्वर्ण जड़ित व प्राचीन गुफा परिसर अटका आरती स्थल पर पुजारियों ने मां वैष्णो देवी के साथ ही भगवान राम के भजन प्रस्तुत किए। कटड़ा के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना को लेकर तांता लगा रहा। शाम के समय मां वैष्णो देवी भवन परिसर पर पवित्र व प्राचीन गुफा के साथ ही अन्य गुफा परिसर पर पवित्र दीपक जलाए गए। इसी तरह अर्धकुंवारी मंदिर, चरण पादुका मंदिर, बाणगंगा मंदिर, भैरव मंदिर के साथ ही कटड़ा के शिव दर्शन मंदिर, रघुनाथ मंदिर, महालक्ष्मी मंदिर, टी गार्डन मंदिर आदि स्थान रोशनी से जगमगा उठे। नगर वासियों ने घर में स्थापित मंदिर में महालक्ष्मी और भगवान गणेश की विशेष पूजा की। इसके बाद रिश्तेदारों व परिचितों को मिठाइयां व अन्य उपहार भेंट किए। रात के समय युवाओं ने आतिशबाजी भी जमकर की। संवाद