उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील की बदोता पंचायत में चल रहे बैक टू विलेज-4 कार्यक्रम के बदोता पंचायत के पंचायत प्रतिनिधि हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। पहले दिन इन प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया था और दूसरे दिन भी नहीं आने की बात कही थी। लेकिन बुधवार को कार्यक्रम में हिस्सा लेकर समस्याओं को उजागर कर समाधान की मांग उठाई। मौके पर ही जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए प्राइमरी स्कूल लौदरा से अटैच किए गए शिक्षक को डिटैच करने को आदेश जारी किया गया।
बुधवार को बदोता पंचायत में बैक टू विलेज के चरण चार के तहत दूसरे दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार में स्कूल में हुई जनसभा में सरपंच पुष्पा देवी और कुछ पंचों ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों खेम राज, ज्ञान चंद, कुलदीप सिंह ने अधिकारी को बताया कि पंचायत में प्राइमरी हेल्थ सेंटर की इमारत का निर्माण दस वर्ष से जारी है। सरकारी स्कूलों स्टाफ की कमी की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़कों की हालत खराब है। बिजली, पानी, सड़क आदि समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं। मौके पर मौजूद जेडईओ ने प्राइमरी स्कूल लौदरा से अटैच किए गए शिक्षक को वापस स्कूल में डिटैच करने का आदेश जारी किया। साथ ही अन्य समस्याओं का समाधान निकालने का भी आश्वासन दिया।
पंचायत मीर में भी दूसरे दिन विकास चंद्र शर्मा असिस्टेंट इंजीनियर ने जन सभा का आयोजन कर लोगों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने सांकरी देव स्थान पर पैराग्लाइडिंग प्रोजेक्ट को शुरू करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 12 वर्ष पहले विदेश से पैराग्लाइडर्स बुलाकर पैराग्लाइडिंग प्रोजेक्ट का सपना दिखाया गया, जो आजतक पूरा नहीं हुआ। सांकरी मार्ग को लद्दा धार के साथ जोड़ा जाए। पर्यटन विभाग की इमारतों की हालत को सुधारा जाए। इस अवसर पर सरपंच खजूर सिंह, सरपंच नवीना देवी, पंच दलबीर सिंह, बिशन दास आदि मौजूद रहे।