उधमपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर सरकारी महिला कालेज उधमपुर में जी20 और आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में प्रेरक वार्ता का आयोजन किया गया। छात्राओं को सेना, नौसेना और वायु सेना में कॅरिअर विकल्पों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम कॉलेज के महिला विकास सेल और एनसीसी यूनिट 1 और 2 बटालियन के सहयोग से आयोजित हुआ। व्याख्यान के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल रश्मि चौधरी ने जोर दिया कि रोजगार हर युवा की एक प्रमुख चिंता है और इस प्रकार योग्य और इच्छुक युवाओं को रक्षा सेवाओं की भर्ती में शामिल होने के लिए विभिन्न भर्तियों में भाग लेना चाहिए। प्रेरक वार्ता में लगभग 60 छात्रों और एनसीसी कैडेटों ने बड़े जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों को सेवाओं में विभिन्न प्रकार की प्रविष्टियों के लिए शारीरिक और शैक्षिक आवश्यकताओं और चयन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। इस वार्ता में प्रिंसिपल प्रो. मोनिका शर्मा, प्रो. सुमिता राव, सह-संयोजक, महिला विकास प्रकोष्ठ, लेफ्टिनेंट (डॉ.) कमल दीप कौर, एएनओ एनसीसी, प्रो. शालू जसरोटिया, डॉ. तानिया महाजन, डॉ. प्रीति शर्मा व अन्य मौजूद थे।।