उधमपुर। जनसंपर्क को मजबूत करने, नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और महिला सशक्तिकरण के बारे में छात्रों, युवाओं और आम जनता के बीच जागरूकता फैलाने को लेकर उधमपुर पुलिस की तरफ से लाटी, डुडु और बसंतगढ़ में मौजूद सरकारी स्कूलों में युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस ने तीनों ब्लाक में 20 से अधिक सरकारी व निजी स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों का आयोजन एसएसपी डॉ. विनोद कुमार कुमार के दिशानिर्देश में किया गया। इनमें सभी पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने भी हिस्सा लिया। इनमें विद्यार्थियों को बताया कि महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध से संबंधित मामलों की बढ़ती संख्या को संबोधित करना और उन्हें ऐसे अपराधों का शिकार होने से रोकना और साथ ही साथ विभिन्न मुद्दों पर शिक्षकों, समुदाय के नेताओं, छात्रों और युवाओं को प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम के दौरान अजरा खान एवं आफिया नजीर ने महिला सशक्तिकरण के अति महत्वपूर्ण मुद्दे पर विचार रखे। युवाओं को आधुनिक समाज में महिलाओं की समस्याओं से अवगत करवाया गया। उन्होंने छात्रों, युवाओं और आम जनता को लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और समाज में लैंगिक पूर्वाग्रह को खत्म करने में मदद करने के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। युवाओं को किसी भी अप्रिय घटना की सूचना देने के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (जैसे पॉक्सो के लिए 1098) से अवगत कराया गया। उन्होंने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और मानव तस्करी के मुद्दों को संबोधित करने के लिए उपलब्ध परिभाषा, प्रकार, कानूनी उपायों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज से भेदभाव के अंधेरे को दूर कर सकती है।