उधमपुर/पंचैरी। मोंगरी तहसील के दमनोत में शुक्रवार रात को उधमपुर के कैंबल डंगा के रहने वाले 23 वर्ष के उत्तम सिंह पुत्र हरनाम सिंह का शव बरामद हुआ है। शव पर चोट के कई निशान हैं और सर पर भी पत्थर से कई वार किए गए हैं। मृतक के भाई ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम जीएमसी उधमपुर में किया गया। जहां परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि वीरवार को उत्तम सिंह के साथ आठ से नौ लोगों ने मारपीट की थी और मारपीट के बाद से वह लापता था। पुलिस ने शक के आधार पर 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विक्रम सिंह नाम के युवक ने बताया कि उत्तम सिंह उधमपुर से बस में सवार होकर दमनोत में अपनी नानी के घर के लिए निकला था। बस में उसके साथ एक और युवक सवार था। बस में ही उसकी कुछ युवकों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। शाम के समय दमनोत पहुंचने पर बस से नीचे उतरा तो पहले से इंतजार कर रहे आठ से नौ लोगों ने उसको पीटना शुरू कर दिया। मैं वहां से किसी तरह से निकल गया और आगे जाकर उत्तम के बड़े भाई को फोन करके इसके बारे में बताया। भाई ने कहा कि वह जल्द ही दमनोत पहुंच रहा है। इसके बाद दूसरे दिन उत्तम सिंह का शव पास में ही नाले के पास से बरामद हुआ।
उत्तम के बड़े भाई वीर सिंह ने बताया कि मुझे करीब सात बजे फोन कर भाई पर हमले की जानकारी दी गई थी। मैंने उसी समय उत्तम को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। चौथी बार फोन किया तो काट दिया। इससे पहले भी फोन नहीं उठाता था और कई बार काट दिया करता था। रात के समय फोन किया तो स्विच आफ आया। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे दमनोत पहुंच गया और लोगों से भाई के बारे में पूछा, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद कुछ लोगों की मदद से खुद ही भाई की तलाश शुरू कर दी। जिस स्थान पर भाई पर हमला किया गया था, वहीं पास के नाले में खून से लथपथ शव बरामद हुआ। भाई के शरीर पर चोट के कई निशान थे और सर व मुंह पर पत्थर से कई वार किए गए थे। इसके बारे में दमनोत पुलिस चौकी में सूचना दी और सूचना देने के एक घंटे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की और शव को साथ में लेकर निकल गई।
उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि मेरे भाई की हत्या की गई है। हत्या में दमनोत के ही कुछ लोग शामिल है और ज्यादातर युवा है। इसके पीछे एक शिक्षक का हाथ है। उस शिक्षक के इशारे पर ही मेरे भाई की हत्या की गई है। वहीं पंचैरी पुलिस स्टेशन के एसएचओ राकेश भगत ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर करीब छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए लोगों को पंचैरी पुलिस स्टेशन में रखा गया है। इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
इनसेट
हमले के पीछे चार हमलावर हैं मुख्य आरोपी
इस हमले के पीछे मुख्य रूप से चार लोग शामिल बताए जा रहे हैं और पुलिस पर पूरी साजिश के लिए इन पर ही संदेह है। इनको पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पंचैरी पुलिस की एक टीम इनका पता लगाने के लिए उधमपुर रेलवे स्टेशन भी गई थी। पुलिस को संदेह है कि चारों कहीं ट्रेन में बैठकर प्रदेश से बाहर न निकल जाएं। पुलिस इन चारों का नाम नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि इससे जांच प्रभावित हो सकती है।
इनसेट
दमनोत में जाते समय उत्तम सिंह के पास थी मोटी रकम
उत्तम सिंह पिछले कुछ महीनों से कटड़ा में काम करता था। उसके तीन भाई और एक बहन भी है। सूत्रों के अनुसार जिस दिन वह दमनोत गया था तो उसके पास मोटी रकम थी। मारपीट व हमले के पीछे उसके पास मौजूद मोटी रकम भी वजह हो सकती है। मोंगरी में इससे पहले भी लोगों के साथ पैसे के लिए मारपीट के मामले सामने आए हैं। पुलिस इसका भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। शव मिलने के बाद उसके पास कोई राशि नहीं मिली है।
इनसेट
मारपीट के बारे में पुलिस को भी थी सूचना
जिस स्थान पर उत्तम सिंह के साथ मारपीट हुई थी। उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी है। जब उत्तम के साथ मारपीट हुई तो मौके पर मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और उत्तम को हमलावरों से छुड़ाने के बाद मौके से चली गई। इसको लेकर किसी को नहीं पकड़ा गया और फिर दूसरे दिन उत्तम का शव नाले से बरामद हुआ। शुक्रवार रात को शव मिलने के बाद लोगों ने पुलिस के देरी से पहुंचने पर भी काफी रोष प्रकट किया था।
-
कोट
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच तेज कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और कुछ को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
-राकेश कुमार, एसएचओ पंचैरी