उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान जिला उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों के लिए 24 लॉजमेंट सेंटर की सुविधा होगी। अगर अमरनाथ यात्रा के दौरान राजमार्ग बंद हो जाता है या फिर अन्य किसी तरह की आपात स्थिति बनती है तो राजमार्ग पर फंसे अमरनाथ यात्रियों को जिला प्रशासन लॉजमेंट सेंटर की सुविधा प्रदान करेगा। इसमें अमरनाथ यात्रियों को खाने के साथ बेड की सुविधा प्रदान की जाएगी। डीसी सचिन कुमार वैश्य ने एसएसपी डाॅ. विनोद कुमार के साथ तैयार किए जा रहे लॉजमेंट सेंटर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
स्थापित किए लॉजमेंट सेंटर में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों को अमरनाथ यात्रियों को सुविधाएं प्रदान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह लॉजमेंट सेंटर सरकारी इमारतों के साथ निजी कालेज की इमारतों में तैयार किए गए हैं। इनमें अमरनाथ यात्रियों के ठहरने की पूरी व्यवस्था होगी। अमरनाथ यात्रियों को खाने, सोने के साथ शौचालय की सुविधा प्रदान की जाएगी। डीसी ने लॉजमेंट सेंटर का दौरान कर चल रही तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने एसएसपी और एडीसी जोगिंदर सिंह जसरोटिया के साथ आज जखैनी से काली माता मंदिर टिकरी तक बनाए गए लॉजमेंट सेंटरों और सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अमरनाथ यात्रियों के आरामदायक रहने के लिए उचित और नियमित सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने लॉजमेंट सेंटर और सामुदायिक स्वच्छता परिसरों में उपलब्ध बुनियादी ढांचे और आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
डीसी ने केंद्रों में पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, बिजली, आवास, बिस्तर क्षमता की उपलब्धता आदि की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इन नामित केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए हर संभव प्रयास करेगा और अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराएगा। उन्होंने नगर परिषद के सीईओ, जलशक्ति, पीडीडी, पीडब्ल्यूडी और तहसीलदार उधमपुर को निर्देशित किया गया था कि जहां भी आवश्यक हो, सभी बुनियादी सुविधाओं के लिए पहले से ही पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें।