उधमपुर। एयर फोर्स स्टेशन में एयर शो देखने के बाद स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भारतीय वायु सेना में जाने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। उन्होंने जीवन का लक्ष्य बदलते हुए वायु वीर बन देश सेवा की बात कही। वायु सेना में पायलट व जवानों की हिम्मत व हौसले को देख कर मन केवल वायु सेना में शामिल होने का कर रहा है। वह अब वायु वीर बनने के लिए मेहनत करेंगे।
एयर शो को देखने के लिए कालेजों के एनसीसी कैडेट और कई स्कूलों के बच्चे पहुंचे थे। उन्होंने जब इन्होंने राफेल, चिनूक, जगुआर, मिग-29 को उड़ते देखा तो इनका मन वायु सेना की तरफ झुक गया। इससे पहले यह डॉक्टर, इंजीनियर बन कर देश की सेवा करना चाहते थे, लेकिन अब लक्ष्य वायु सेना में शामिल होना है।
एयर शो देखने से पहले में सेना में शामिल होकर देश सेवा करना चाहती थी। यह बचपन का सपना था। लेकिन वायु सेना का पराक्रम देख कर सपने को ही बदल दिया है। अब वह वायु सेना में शामिल होना है। इसके लिए दिनरात मेहनत करूंगी और अपनी मंजिल को जरूर हासिल करूंगी।
- ओशन देवी, एनसीसी कैडेट
चिनूक, अपाचे को कई बार फिल्मों में देखा था और कभी सोचा नहीं था कि इनको सच में देखने का अवसर मिलेगा। एयर शो में सपना पूरा हो गया है। वायु सेना की जांबाजी देख कर इनको सलाम करते हैं। पराक्रम को देख कर एक बात तो साबित हो गई है कि कोई हमारे देश की तरफ आंख उठा कर नहीं देख सकता है।
- खुशबू, एनसीसी कैडेट
अब केवल वायु सेना में शामिल होने का मन कर रहा है। एयर शो ने मेरी सोच को ही बदल दिया है। वायु सेना के अधिकारी व जवान हमारे देश की रक्षा के लिए जान की परवाह किए बिना काम कर रहे हैं। इनकी देश सेवा के जज्बे को देख कर हमारे अंदर भी एक नई ताकत महसूस हो रही है।
- सोनाली देवी
एयर शो को देख कर एक जोश आया है और अब मन कर रहा है कि केवल वायु सेना में ही शामिल होना है। एयर शो बहुत ही शानदार था और इसने हमारे अंदर नई ऊर्जा का संचार किया है। मुझे अगर कभी मौका मिला तो जरूरत वायु सेना में शामिल होना चाहूंगा।
- हरमन सिंह
मैं पहले डॉक्टर बन कर देश की सेवा करना चाहता था और मेहनत भी कर रहा था। लेकिन एयर शो ने लक्ष्य को ही बदल दिया है। अब केवल वायु सेवा में शामिल होने का मन कर रहा है। अब वायु सेना में ही शामिल होकर देश की सेवा करने की सोच बन चुकी है।
- प्रज्वल
एयर शो देख कर बहुत अच्छा लगा है। पहली बार इस तरह का एयर शो देखने को मिला है। इस अनुभव को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। इस शो में कई तरह की जानकारी मिली है। कभी वायु सेना के बारे में किताबों और समाचारों में ही देखने को मिलता था और जीवन में पहली बार वायु सेना को करीब से देखने का मौका मिला है।
- इजाहत