रामबन। रामबन के बनिहाल में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शेरबीबी इलाके में रविवार को एक टेंपो और यात्री वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वैन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक बनिहाल से जम्मू जा रहे एक टेंपो (जेके14डी-1317) शेरबीबी चंबलवास में वैन (जेके19-0654) से टकरा गया। पुलिस ने घायल वैन चालक की पहचान रामबन जिले की खड़ी तहसील निवासी मोहम्मद इमरान के रूप में की है, जिसे इलाज के लिए उपजिला अस्पताल बनिहाल ले जाया गया। एक अन्य दुर्घटना में धर्मकुंड पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हडूग में गूल से रामबन जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेके14 बी-5309) सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई, लेकिन वाहन का चालक सुरक्षित है। इस हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने थाना बनिहाल और धर्मकुंड में लापरवाही से वाहन चलाने पर केस दर्ज किया है।